अंबाला। डी.ए.वी. सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, अंबाला सिटी में आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि उपसभा, हरियाणा एवं आर्य युवा समाज के तत्वावधान में आर्य समाज के 152वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विविध कार्यक्रमों का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, गरिमा एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ 19 मार्च (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा/नव संवत्) के पावन अवसर पर हुआ, जब विद्यालय में नन्हे विद्यार्थियों (कक्षा 3 से 5) के लिए आनंदम कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। इस कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को संगीत, नृत्य, रचनात्मक गतिविधियों, योग, खेलकूद एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित विविध गतिविधियों द्वारा सीखने का आनंद प्रदान किया जा रहा है, जो उनके सर्वांगीण विकास को सुदृढ़ करता है। इसी श्रृंखला में 21 मार्च को विद्यालय परिसर में वैदिक हवन यज्ञ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें समस्त शिक्षकगण, शिक्षिकाएं, कक्षा ग्यारहवीं के विद्यार्थी एवं उनके अभिभावकों ने श्रद्धापूर्वक आहुति देकर कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. राधा रमन सूरी ने उपस्थित अभिभावकों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया कि उन्होंने अपने अमूल्य समय में से समय निकालकर इस पावन कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के वैदिक आयोजनों से विद्यार्थियों में न केवल आध्यात्मिक चेतना का विकास होता है, बल्कि उन्हें अपनी समृद्ध भारतीय संस्कृति एवं मूल्यों से जुड़ने की प्रेरणा भी मिलती है। इस अवसर पर कक्षा ग्यारहवीं का परीक्षा परिणाम भी घोषित किया गया, जिससे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में उत्साह एवं प्रसन्नता का वातावरण व्याप्त रहा। इसके अतिरिक्त, हैदराबाद सत्याग्रह आंदोलन स्मरण दिवस (22 मार्च), जो रविवार होने के कारण 21 मार्च को ही मनाया गया। इस अवसर पर महात्मा खुशहाल चंद (आनंद स्वामी) जी के त्याग, संघर्ष एवं अद्वितीय योगदान को स्मरण किया गया। उन्होंने हैदराबाद के निजामशाही शासन द्वारा धार्मिक स्वतंत्रता के हनन के विरुद्ध एक सशक्त आंदोलन का नेतृत्व किया और हजारों आर्यजनों के साथ गिरफ्तारी देकर अद्भुत साहस एवं राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया। विद्यालय में इस ऐतिहासिक घटना के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने हेतु शिक्षकों को एक प्रेरणादायक लघु फिल्म दिखाई गई, जिसमें हैदराबाद आंदोलन एवं मोपला हिंदू नरसंहार के ऐतिहासिक तथ्यों को प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया गया। यह प्रस्तुति सभी के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रही। कार्यक्रम के सफल संचालन में आर्य युवा समाज की संचालिका गौरी वंदना , राधिका सिकरी, आनंदम कार्यशाला की संचालिका वंदना सोढ़ी एवं कक्षा ग्यारहवीं की कोआॅर्डिनेटर श्रीमती वनिता महाजन का विशेष सराहनीय सहयोग रहा। आर्य युवा समाज की संचालिका गौरी वंदना ने जानकारी दी कि इसी श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए 25 मार्च 2026 को आर्यरत्न डॉ. पूनम सूरी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय में 79 कुण्डीय हवन यज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर कक्षा 8 एवं 9 का परीक्षा परिणाम भी घोषित किया जाएगा, ताकि वैदिक यज्ञ के पावन आशीर्वाद के साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की जा सके। इस प्रकार, विद्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल वैदिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन का सशक्त माध्यम बना, बल्कि विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों में आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक गौरव एवं नैतिक मूल्यों के प्रति नई ऊर्जा का संचार करने में भी पूर्णत: सफल रहा। ज उपरांत सभी अभिभावकों को यज्ञशेष व प्रसाद वितरित किया गया।