अंबाला। नगराधीश अभिषेक गर्ग ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता समाधान शिविरों में आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध रूप से जल्द समाधान सुनिश्चित करना है। नगराधीश सोमवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर की अध्यक्षता कर रहें थे। इस दौरान उन्होंने समाधान शिविर में पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनी और संबंधित को समस्याओं के समाधान करने के निर्देश दिए। नगराधीश ने समाधान शिविर में एक-एक करके लोगों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को उनकी समस्याएं मार्क करते हुए तत्काल कार्रवाई कर उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की समस्या के समाधान तय समय सीमा मे किया जाना चाहिए। इसके साथ अपने विभागों से संबंधी जन कल्याणकारी योजनाओं बारे लोगों को जानकारी दें ताकि इन योजनाओं का लाभ हर पात्र जन तक पहुंचाया जा सकें। इस दौरान समाधान शिविर में लोगों द्वारा अधिकांश शिकायतें परिवार पहचान पत्र में पारिवारिक आय को लेकर, पेंशन बनवाने व राशन कार्ड संबंधी और अन्य समस्याएं रखी गई, जिन पर नगराधीश द्वारा तुरंत कार्रवाई कर जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारीगण एवं कर्मचारी मौजूद रहें। गौरतलब है कि हरियाणा सरकार के निदेर्शानुसार एवं उपायुक्त अजय सिंह तोमर के मार्गदर्शन में अंबाला में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जिला स्तर व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहें है। यह शिविर प्रत्येक सोमवार व वीरवार को सुबह 10 बजें से 12 बजें तक लगाएं जाते है।