अंबाला। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बलदेव नगर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दशमेश नगर, जड़ोत रोड स्थित एक घर में छापेमारी कर एक महिला को 708 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। थाना प्रबंधक निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। इसी आधार पर टीम गठित कर रेड की गई, जहाँ महिला के कब्जे से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई। पुलिस जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि इस काले कारोबार में महिला का पति अमर सिंह उर्फ अमरा और उसका एक दोस्त भी मुख्य रूप से संलिप्त हैं। आरोपी अमर सिंह एक शातिर अपराधी है, जिस पर पंजाब और हरियाणा के विभिन्न थानों में नशा तस्करी और चोरी जैसे लगभग 27 संगीन मामले पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तार महिला को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है, ताकि नशे की सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके। आरोपी अमर सिंह फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस इस मामले में संलिप्त हर छोटे-बड़े आरोपी की पहचान कर रही है। थाना प्रबंधक निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा, “नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। हमारा लक्ष्य समाज को नशा मुक्त बनाना है और अपराधियों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 9729990112 पर पुलिस को दें। आपकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।