इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रदेश प्रवक्ता ओंकार सिंह और हल्काध्यक्ष अंकुर शर्मा ने अंबाला मंडल के डीसीएम नवीन कुमार से मुलाकात कर छावनी रेलवे स्टेशन की पिक एंड ड्रॉप पॉलिसी को तुरंत खत्म करवाने और यात्रियों को राहत देने की मांग रखी। बैठक में इनेलो नेताओं ने बताया कि स्टेशन पर लागू पिक एंड ड्रॉप पॉलिसी ने यात्रियों की परेशानी को बढ़ा दिया है। ठेकेदार के कर्मचारी यात्रियों से दुर्व्यवहार करते हैं और मनमाने ढंग से अधिक शुल्क वसूलते हैं। इनेलो नेताओं ने इसे आम जनता के साथ अन्याय बताते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। डीसीएम श्री नवीन कुमार ने गंभीरता से मामले को सुनते हुए तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने दुर्व्यवहार करने वाले ठेकेदार पर 10000 रुपए जुमार्ना लगाकर नोटिस जारी किया और संबंधित अधिकारियों को आॅटो व टैक्सी चालकों के मासिक पास बनाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि मौजूदा ठेके की समीक्षा की जाएगी और ठेका खत्म होने के बाद नए ठेके से पहले पिक एंड ड्रॉप सेवा के फ्री समय को बढ़ाने पर विचार किया जाएगा, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। ओंकार सिंह ने कहा कि अंबाला छावनी स्टेशन पर पिक एंड ड्रॉप के रेट चंडीगढ़ से भी अधिक हैं, जो पूरी तरह अनुचित है। इन्हें तुरंत कम किया जाना बेहद जरूरी है, क्योंकि यह जनता की जेब पर सीधा बोझ डाल रहे हैं। उन्हेंने साफ किया कि अगर जल्द ही पिक एंड ड्रॉप पॉलिसी खत्म नहीं की गई और यात्रियों की समस्याओं का हल नहीं निकाला गया, तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
अंबाला छावनी स्टेशन पर पिक एंड ड्रॉप पॉलिसी खत्म करवाने के लिए इनेलो का जोरदार प्रयास, डीसीएम अंबाला को सौंपा ज्ञापन



