एस.डी. गर्ल्स हाई स्कूल, तोपखाना बाजार, अंबाला कैंट की छात्राओं ने हाल ही में विभिन्न खेल एवं योग प्रतियोगिताओं में भाग लेकर विद्यालय, अभिभावकों एवं संपूर्ण क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। दिनांक 16 अगस्त 2025 को पुलिस डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, अंबाला में आयोजित जिला स्तरीय कूडो चैंपियनशिप में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जिसमें नमन (कक्षा 7वीं) ने प्रथम स्थान (स्वर्ण पदक) अर्जित किया। पुल्किता (कक्षा 9वीं) ने तृतीय स्थान (कांस्य पदक) प्राप्त किया। इसी प्रकार, देव गुरुकुल, अंबाला में आयोजित जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में विद्यालय की पाँच छात्राओं ने भाग लिया और सराहनीय उपलब्धियाँ हासिल की। ट्विंकल ने आर्टिस्टिक सिंगल वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इशिका एवं जानवी ने 10-14 आयु वर्ग रिदमिक पेयर श्रेणी में प्रथम स्थान अर्जित किया। विद्यालय की प्राचार्या ज्योति नरूला बहल ने विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि खेल और योग जीवन के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने बच्चों को और अधिक परिश्रम कर राष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय का नाम रोशन करने हेतु प्रेरित किया। सभी शिक्षकों ने विजेता विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। विद्यालय की प्राचार्या ज्योति नरूला बहल ने विशेष रूप से विद्यार्थियों के योग कोच तुषार को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।  बच्चों के अभिभावकों को भी इस सफलता के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। इस उपलब्धि पर एस.डी. गर्ल्स हाई स्कूल के चेयरमैन उमाकांत, मैनेजर ब्रिज मोहन गोयल एवं सभा के सभी सदस्यों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बच्चों की प्रतिभा और परिश्रम की सराहना की।