फरीदाबाद। ..अंजनी पुत्र महाबल दाई, संतन के प्रभु सदा सहाई। ऐसे ही गुणगान करते हुए गुरुवार को सूरजकुंड मार्ग स्थित श्रीलक्ष्मीनारायण दिव्यधाम-श्रीसिद्धदाता आश्रम में श्रीरामभक्त हनुमान जी का जन्मोत्सव आस्था और श्रद्धा के साथ धूमधाम से मनाया गया। श्रीरामानुज संप्रदाय के पवित्र तीर्थ पीठ इंद्रप्रस्थ एवं हरियाणा के पीठाधीश्वर अनंत विभूषित श्रीमद जगदगुरु श्रीरामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज के सान्निध्य में स्वामी सुदर्शनाचार्य वेद वेदांग संस्कृत महाविद्यालय के विद्यार्थियों और आचार्यो द्वारा श्रीहनुमान का अभिषेक किया गया। अभिषेक के उपरांत आश्रम की परिक्रमा मार्ग में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बैंडबाजों और ढोल-नगाड़ो की गूंज, पताकाओं और झांकियों से सजी श्रीहनुमान जी की शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता। भक्त संगीतमयी भजनों की धुन पर नाचत-गाते आगे बढ़ते रहे। पालकी में श्रीहनुमान जी चले और खुली जीप में स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने श्रीहनुमान जन्मोत्सव के आनंदपूर्ण वातावरण में भक्तो का उत्साहवर्द्धन किया। पूरा वातावरण जयश्रीराम और बजरंगबली के उदघोष से गूंज उठा।
श्रीसिद्धदाता आश्रम-श्रीलक्ष्मीनारायण दिव्यधाम के अधिपति एवं श्रीरामानुज संप्रदाय के पवित्र तीर्थ पीठ इंद्रप्रस्थ एवं हरियाणा के पीठाधीश्वर अनंत विभूषित श्रीमद जगदगुरु श्रीरामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने श्रद्धालुओ के बीच अपने प्रवचन में कहा कि श्रीहनुमान सेवा और समर्पण के सर्वोच्च प्रतीक है।