अंबाला। हरियाणा के कूडो खिलाड़ियों, जिनमें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ी शामिल थे, उनके साथ एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में गुलाब सैनी (हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सैनी के चचेरे भाई) भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान हरियाणा की खेल नीति में कूडो खेल को शामिल किए जाने के विषय पर विस्तार से चर्चा की गई। खिलाड़ियों ने कूडो खेल की उपलब्धियों, संभावनाओं तथा खिलाड़ियों से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। यह भी अवगत कराया गया कि कूडो इंटरनेशनल फैडरेशन इंडिया को पिछले कई वर्षों से भारत सरकार एवं खेल मंत्रालय से मान्यता प्राप्त है, जिसके तहत कूडो खेल के वे खिलाड़ी जिन्होंने राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की कूडो प्रतियोगिताओं में पदक जीते हैं, उन्हें खेल कोटा के तहत सरकारी नौकरियों एवं अन्य खेल सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। बैठक हरियाणा में कूडो खेल को मान्यता दिलाने और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक और महत्वपूर्ण कदम साबित हुई। उम्मीद है कि जल्द ही कूडो को हरियाणा की खेल नीति में शामिल किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को सरकारी सुविधाओं, नौकरियों और खेल प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।