रेवाड़ी। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के निर्देशानुसार सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के लिए प्रबंधक थाना शहर निरीक्षक सूबे सिंह ने शहर के रेलवे रोड, काठमंडी, पोस्ट ऑफिस रोड और मुख्य बाजार में प्रमुख व्यापारिक प्रतिनिधियों और दुकानदारों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और दुकानदारों से सीधा संवाद स्थापित कर सुरक्षा के आधुनिक मापदंडों को अपनाने पर जोर दिया।
उन्होंने व्यापारियों से अनुरोध किया कि वे अपनी दुकानों के बाहर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। उन्होंने समझाया कि बेहतर नाइट विजन और स्पष्ट फुटेज वाले कैमरे न केवल अपराधियों में डर पैदा करते हैं, बल्कि किसी भी अप्रिय घटना के बाद आरोपियों की पहचान करने में पुलिस के लिए सबसे बड़ा हथियार साबित होते हैं। जिससे चोरी और झपटमारी जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सकेगी।
साइबर अपराध व नशे के दुष्प्रभाव बारे किया जागरूक :
प्रबंधक थाना शहर ने डिजिटल लेन-देन के बढ़ते दौर में व्यापारियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपना ओटीपी किसी से साझा करें। धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 नंबर पर अपनी रिपोर्ट दर्ज करें।
उन्होंने नशे के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाते हुए व्यापारियों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति अवैध रूप से नशे का कारोबार करता है या नशा बेचता है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है, लेकिन आम जन और व्यापारियों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। सीसीटीवी कैमरे लगाने से न केवल आपकी संपत्ति सुरक्षित रहेगी, बल्कि यह पूरे शहर की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने में आपका योगदान होगा।