रेवाड़ी। स्थानीय बावल चौक स्थित सीएसटी कॉम्प्लेक्स में भार्गव महिला सभा रेवाड़ी व लायन्स क्लब के सौजन्य से जागरूकता अभियान ‘जानकार बनिए सावधान रहिए’ आयोजित किया गया।
इस मौके पर सभा सचिव सुमन भार्गव ने बताया कि आज हम अधिकतर नागरिक किसी न किसी तरीके से चाहे वो वित्तीय धोखाधडी हो या फिर डेटा चोरी, साइबर अपराध के शिकारी बनते जा रहे हैं। साइबर अपराध एक ऐसी अवैध गतिविधि है, जिसमें हमारे स्मार्ट फ़ोन, टैबलेट, नेटवर्क, कंप्यूटर का उपयोग अपराध करने या उन्हें निशाना बनाने के लिए किया जाता है। जिसके अंतर्गत हैकिंग, फिशिंग, रैनसमवेयर और साइबर स्टाकिंग जैसे मामले शामिल हैं। इन सबसे बचने के लिए एवं जानकारी देने के लिए इस कार्यक्रम के विशेष अतिथि साइबर क्राइम ब्रांच से एएसआई अरुण कुमार व एएसआई संदीप रहे। जिन्होंने सभी को इस तरीके के अपराधों से बचाव के लिए किसी अनजान व्यक्ति की वीडियो कॉल रिसीव न करने मजबूत और अलग-अलग पासवर्ड का उपयोग करने, संदिग्ध लिंक या अटैचमेंट पर क्लिक न करने, सॉफ्टवेयर और एंटीवायरस को अपडेट रखने के बारे में अवगत कराया।
इस अवसर पर भार्गव महिला सभा अध्यक्ष अमिता भार्गव, सचिव सुमन भार्गव, कोषाध्यक्ष श्रद्धा, ऑल इंडिया भार्गव सभा अध्यक्ष अनिल भार्गव, रेवाड़ी भार्गव सभा प्रधान राजीव भार्गव, रेवाड़ी भार्गव सभा कोषाध्यक्ष मुकेश भार्गव, लायन्स क्लब अध्यक्ष मधु भार्गव, पूर्व पार्षद प्रमिला भार्गव, सुमिता, ऋतु, तृप्ति भार्गव सहित समस्त सदस्याएं मौजूद रहीं।