चरखी दादरी, 23 मार्च : (प्रविन्द्र सांगवान): हरियाणा में शिक्षकों के सामूहिक सहयोग की एक अनूठी मिसाल पेश करते हुए टीचर सेल्फ केयर टीम (टीएससीटी) ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। टीम द्वारा दूसरे सहयोग के अंतर्गत जींद जिले के दिवंगत अध्यापक देवेंद्र कुमार के परिवार को 11 लाख 44 हज़ार रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह सहयोग सीधे परिवार के खाते में ऑनलाइन माध्यम से भेजा गया, जिससे पारदर्शिता और विश्वास दोनों सुनिश्चित हुए।
इससे पहले भी टीम ने अपने पहले सहयोग में गोहाना के अध्यापक अशोक कुमार के परिवार को 10 लाख 50 हजार रुपये की सहायता देकर समाज में एक प्रेरणादायक उदाहरण स्थापित किया था।
इस बार टीम के प्रत्येक सदस्य ने 400 रुपये का योगदान दिया, जिसके माध्यम से यह बड़ी राशि एकत्रित की गई। टीएससीटी के प्रधान अशोक आर्य ने सभी सहयोगी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि एक भावनात्मक संबल भी है, जो कठिन समय में परिवार को सहारा देती है।उन्होंने बताया कि टीएससीटी का गठन इसी उद्देश्य से किया गया था कि यदि किसी सदस्य का आकस्मिक निधन हो जाए, तो उसके परिवार को आर्थिक रूप से कमजोर न होना पड़े और उन्हें तत्काल सहायता मिल सके।
टीम के मीडिया प्रभारी डॉ. हरपाल आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि टीएससीटी के पंजीकृत सदस्य के निधन पर सभी सदस्य स्वेच्छा से सहयोग राशि सीधे परिवार के खाते में जमा कराते हैं। यह प्रक्रिया न केवल सरल है, बल्कि पूरी तरह पारदर्शी भी है।उन्होंने आगे कहा कि जैसे-जैसे टीम के पंजीकृत सदस्यों की संख्या बढ़ेगी, भविष्य में प्रति सदस्य सहयोग राशि को कम करते हुए भी अधिक सहायता राशि प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है।