बाढड़ा, 23 मार्च: (प्रविन्द्र सांगवान): सोमवार शहीदी दिवस के पावन अवसर पर जननायक जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा बाढड़ा के बीडीपीओ प्रांगण में स्थित भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी साथियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को नमन करते हुए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत रहा तथा भारत माता की जय और इंकलाब जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा।
कस्बे के जुई रोड़ स्थित शहीद स्मृति स्थल पर हल्का अध्यक्ष विजय श्योराण काकड़ोली की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम को जजपा किसान प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष नरेश द्वारका, जिला प्रभारी ऋषिपाल उमरवास, हल्का अध्यक्ष विजय श्योराण काकड़ोली एवं युवा जिला अध्यक्ष दीपेश कारी ने संबोधित करते हुए कहा कि शहीदों का बलिदान केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि हर भारतीय के दिलों में बसने वाली अमर प्रेरणा है। उनके त्याग, साहस और देशभक्ति की भावना हमें राष्ट्र सेवा के लिए निरंतर प्रेरित करती है। वक्ताओं ने कहा कि शहीदी दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि आज़ादी हमें सहज रूप से प्राप्त नहीं हुई, बल्कि इसके लिए असंख्य वीर सपूतों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज में एकता, भाईचारा और राष्ट्रहित की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि विशेष रूप से युवाओं को शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। शहीदों के सपनों का भारत बनाना आज की युवा पीढ़ी की जिम्मेदारी है और इसी दिशा में सभी को मिलकर कार्य करना होगा। इस दौरान उपस्थित साथियों ने शहीदों के आदर्शों पर चलने तथा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर युवा जिला अध्यक्ष दीपेश कारी, धर्मबीर फौगाट, संजय जगरामबास, मास्टर सुनील सांगवान, जितेंद्र फौजी पिलानियां, संजीव काकड़ोली, युवा खंड अध्यक्ष सन्नी गोपी, जयभगवान लाड, मोहित हंसावास, सवीन काकड़ोली, संजय शर्मा, दीपक श्योराण, सुनील श्योराण काकडोली हट्टी इत्यादि मौजूद रहे।