बाढड़ा, 21 मार्च : (): गांव ऊण स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय, परिसर में कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इसके साथ ही विद्यालय के प्रथम 1959-60 बैच के विद्यार्थियों का भूतपूर्व छात्र मिलन सम्मेलन भी आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल प्रबंधन समिति प्रधान दयाराम ने की।
विद्यालय के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए प्रथम सत्र 1959-60 के दस भूतपूर्व विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इन पुराने छात्रों ने वर्तमान विद्यार्थियों के साथ अपने बचपन की खट्टी-मीठी यादें साझा कीं और बताया कि किस तरह उस दौर में संसाधनों की कमी के बावजूद उन्होंने शिक्षा प्राप्त की। समारोह में विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढक़र योगदान दिया। विद्यालय के मुख्यअध्यापक वजीर सिंह ने समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों और पूर्व छात्रों का आभार व्यक्त किया।
इस विशेष मौके पर अध्यापक राकेश कुमार, अशोक कुमार, समीन कुमार, धर्मेन्द्र साहरण, धर्मेन्द्र पीटीआई, बलजीत सिंह, वेदकला और पूजा दायमा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।