अंबाला। एसडी कॉलेज अंबाला छावनी के छात्र निर्माण ने भोपाल, मध्य प्रदेश में 11 दिसंबर 2025 से 2 जनवरी 2026 तक आयोजित राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन (जूनियर पुरुष- आईएसएसएफ) टीम इवेंट में कांस्य पदक जीतकर कॉलेज और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। निर्माण ने इससे पहले भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व आॅल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी राइफल शूटिंग चैंपियनशिप तथा खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स, जयपुर में किया था। उल्लेखनीय है कि उन्होंने 66वीं राष्ट्रीय राइफल शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक तथा 67वां राष्ट्रीय चैंपियनशिप में कांस्य पदक भी जीता था। इस उपलब्धि पर एस.डी. कॉलेज अंबाला छावनी की कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. अलका शर्मा, डॉ. नितिन सहगल (अध्यक्ष, शारीरिक शिक्षा विभाग), डॉ. राजेश कुमार (सहायक प्रोफेसर, शारीरिक शिक्षा विभाग) तथा डॉ. दिव्या जैन (अध्यक्ष, वनस्पति विज्ञान विभाग) ने निर्माण को बधाई दी और उनके पिता को सम्मानित भी किया। कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. अलका शर्मा ने कहा कि निर्माण की यह उपलब्धि पूरे कॉलेज के लिए गर्व का विषय है तथा उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. नितिन सहगल और सहायक प्रोफेसर डॉ. राजेश कुमार के मार्गदर्शन और समर्पण की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रयासों और प्रशिक्षण के कारण ही कॉलेज के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निर्माण भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कॉलेज, विश्वविद्यालय और देश का नाम रोशन करेंगे।