नारायणगढ़। जिला युवा शक्ति संगठन नारायणगढ़ द्वारा संगठन के कार्यालय में रक्तदान एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सदस्य श्रीमती रेखा शर्मा तथा विशेषअतिथि समाजसेवी एवं सरपंच आजमपुर नवजोत सैनी ने किया। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा ने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जिससे जरूरतमंद व्यक्ति को जीवनदान मिलता है। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि कस्बे व आसपास के क्षेत्रों के लोगों खासकर युवाओं के साथ-साथ महिलाओं ने भी रक्तदान और स्वास्थ्य जांच शिविर में बढ़-चढकर भाग लिया। उन्होंने सभी स्वस्थ लोगों से समय-समय पर रक्तदान करने का अनुरोध किया। मुख्य अतिथि रेखा शर्मा ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं सरपंच नवजोत सैनी ने स्वयं भी रक्तदान किया और युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि चिकित्सकों के अनुसार रक्तदान करने से दिल की बीमारियों और स्ट्रोक का खतरा भी कम होता है। शिविर में कई युवाओं ने अपनी पत्नियों के साथ रक्तदान कर समाज के प्रति प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। रक्तदान शिविर का आयोजन एम केयर अस्पताल, जीरकपुर के डॉक्टर कार्तिक अग्रवाल और उनकी टीम के सहयोग से किया गया, जिसमें 92 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। संगठन के अध्यक्ष बलजींदर सिंह नेकनावां ने 44 वीं बार तथा महासचिव सोहन लाल शर्मा झिडीवाला ने 26 वीं बार रक्तदान किया। वहीं संगठन की सदस्य श्रीमती सुनीता नेकनावां ने भी रक्तदान कर महिलाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। शिविर में भूषण अस्पताल नारायणगढ़ के डॉक्टर अनिरुद्ध भूषण की टीम द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें 85 मरीजों की ईसीजी, ब्लड शुगर तथा हड्डी रोग विशेषज्ञ द्वारा जांच और परामर्श दिया गया। इसके अलावा स्वामी देवीदयाल अस्पताल एवं कॉलेज के डॉक्टर करनवीर सिंह, डॉक्टर महक द्वारा दांतों की जांच तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉक्टर विक्की द्वारा आंखों की जांच की गई। इस दौरान 106 मरीजों को नि:शुल्क जांच, टेस्ट और दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। संगठन के अध्यक्ष बलजींदर सिंह नेकनावां और महासचिव सोहन लाल शर्मा ने बताया कि रक्तदान करने से शरीर में आयरन की अतिरिक्त मात्रा नियंत्रित रहती है, जिससे हृदय संबंधी रोगों का खतरा कम होता है। उन्होंने सभी स्वस्थ लोगों से नियमित अंतराल पर रक्तदान करने की अपील की। इस अवसर पर भूपिंदर सिंह कपूर, यशपाल सिंह धराला, राम शरण, सुंदर लाल झिडीवाला, रानी देवी (राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता), सुनीता देवी, शीला देवी, सुमित शर्मा, अरुण कुमार, किरण बाला, इंद्रजीत सिंह, पंकज शर्मा, राजेंद्र सिंह रावत, मीनाक्षी सैनी, प्रियानशु सिंह, खुशाल सिंह, कोमल रानी, योगेश शर्मा, डॉक्टर राकेश धीमान भुरेवाला, परवीन सहित अनेक लोगों ने शिविर में बढ़-चढकर योगदान दिया।
नारायणगढ़ में रक्तदान व नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने किया शुभारंभ



