अंबाला। डीएवी पब्लिक स्कूल, अंबाला सिटी में ट्विनिंग कार्यक्रम के अंतर्गत पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बलदेव नगर के विद्यार्थियों का शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम दोनों विद्यालयों के लिए सीखने, संवाद और आपसी सहयोग का एक सार्थक अवसर सिद्ध हुआ। विद्यालय पहुँचने पर अतिथि विद्यार्थियों एवं उनके साथ आए अध्यापकों का आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर का अवलोकन किया तथा विज्ञान प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर प्रयोगशाला, पुस्तकालय और चिकित्सकीय कक्ष का निरीक्षण कर वहाँ की शैक्षिक व्यवस्था को समझा। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और शिक्षकों से विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कविता पाठ कर अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसकी सभी ने सराहना की। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, अंबाला-1 के खंड शिक्षा अधिकारी सतबीर सिंह जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आदान-प्रदान कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. राधा रमण सूरी ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन एवं कड़ी मेहनत के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने जीवन में स्पष्ट उद्देश्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। विद्यार्थियों ने भी अपने विद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्हें पूरे हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हुए माननीय मुख्यमंत्री के साथ चर्चा में भाग लेने का अवसर प्राप्त हुआ था। डीएवी पब्लिक स्कूल की शिक्षिकाएँ सुदेश शर्मा, मंजू सचदेवा एवं राधिका सीकरी ने विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों से परिचित कराया। वहीं पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की ओर से गुरप्रीत कौर एवं उषा कुमारी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहीं। विद्यालय की एक्टिविटी इंचार्ज गौरी वंदना ने बताया कि पिछले दो वर्षों से यह ट्विनिंग कार्यक्रम निरंतर आयोजित किया जा रहा है और इन दिनों में यह कार्यक्रम विद्यालय की विशेष पहचान बन गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें नए अनुभव प्रदान करते हैं। कार्यक्रम के अंत में अतिथि विद्यार्थियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। दोनों विद्यालयों के अध्यापकों ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह शैक्षिक भ्रमण शिक्षा, संस्कार और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सफल पहल रहा।