अंबाला। करुणा, विश्वास और समर्पण की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए फिलाडेल्फिया अस्पताल के स्कूल आॅफ नर्सिंग द्वारा जी.एन.एम. 2025-2028 बैच के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत भावनात्मक और प्रेरणादायक लैम्प लाइटिंग समारोह का आयोजन किया गया। यह अवसर केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा-जीवन में प्रवेश करने वाले नवप्रवेशी नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए एक आध्यात्मिक और मानवीय प्रतिबद्धता का क्षण था। कार्यक्रम का शुभारंभ रेव. एडिनो अब्राहम की उद्घाटन प्रार्थना से हुआ, जिसमें उन्होंने विद्यार्थियों के जीवन में ईश्वर के मार्गदर्शन और करुणा की प्रार्थना की । अस्पताल क्वायर द्वारा प्रस्तुत विशेष गीत ने पूरे वातावरण को श्रद्धा और शांति से भर दिया ।निदेशक डॉ. एस. सादिक द्वारा मुख्य अतिथियों का स्वागत किया गया । इसके पश्चात अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन किया गया — यह दीप केवल एक लौ नहीं, बल्कि सेवा, त्याग और निस्वार्थ प्रेम की ज्योति का प्रतीक था । स्कूल आॅफ नर्सिंग की प्राचार्या श्रीमती एवलिन मलिक, प्राचार्या, स्कूल आॅफ नर्सिंग ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट में संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुशासन, क्लीनिकल प्रशिक्षण की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की सर्वांगीण प्रगति पर प्रकाश डाला । उन्होंने कहा कि नर्सिंग शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं, बल्कि यह चरित्र निर्माण और सेवा-भाव की निरंतर प्रक्रिया है। उन्होंने विद्यार्थियों को उत्कृष्टता, सहानुभूति और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। जब विद्यार्थियों के हाथों में दीप सौंपे गए और गीव मी आॅयल गीत की स्वर-लहरियाँ गूँजीं, तो पूरा सभागार एक भावनात्मक एकता में बंध गया । उप-प्राचार्या सुखबिंदर कौर के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने नाइटिंगेल प्रतिज्ञा ली — एक ऐसी प्रतिज्ञा जो उन्हें हर परिस्थिति में रोगियों की सेवा, संवेदना और नैतिकता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करती है। मुख्यातिथि संगीता निकोल्स ( एनसी, सीएमसी लुधियाना) ने कहा कि एक नर्स केवल उपचार नहीं करती, बल्कि वह आशा और साहस का संचार करती है । शकुंतला मैथ्यूज ने भी विद्यार्थियों को दृढ़ता और विश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया । निदेशक एवं मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार वितरण किया गया । अंत में डॉ. सुनील सादिक ने आशीर्वचन देते हुए विद्यार्थियों को याद दिलाया कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि एक बुलाहट है । डॉ. सादिक ने यह भी कहा कि आज के समय में चिकित्सा क्षेत्र चुनौतियों से भरा है, परंतु जो नर्स धैर्य, प्रार्थना और ईमानदारी के साथ कार्य करती है, वह हर कठिन परिस्थिति में आशा की किरण बन जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, समयपालन, रोगियों के प्रति सम्मान और टीमवर्क की भावना को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। उन्होंने यह भी साझा किया कि फिलाडेल्फिया अस्पताल की पहचान केवल चिकित्सा सेवा से नहीं, बल्कि करुणामय देखभाल से है। यह संस्थान आपको केवल प्रशिक्षित नर्स नहीं, बल्कि संवेदनशील और जिम्मेदार मानव बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, प्रशासनिक अधिकारी अमित कपूर द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया । कार्यक्रम का समापन राइट रेव. रणदीप मैथ्यूज की समापन प्रार्थना और आशीर्वाद के साथ हुआ , जिसके बाद विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया । यह समारोह न केवल एक बैच की शुरूआत था, बल्कि यह उस मानवीय सेवा-परंपरा की पुन: पुष्टि भी थी जिसके लिए फिलाडेल्फिया अस्पताल विगत वर्षों से समाज में विश्वास और करुणा का केंद्र बना हुआ है।