अंबाला। सनातन धर्म कॉलेज, अंबाला छावनी में होली पर्व के उपलक्ष्य में कंप्यूटर साइंस एसोसिएशन द्वारा रंगोली निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का एसोसिएशन की इंचार्ज असिस्टेंट प्रोफेसर आरती सचदेवा के मार्गदर्शन में किया गया। होली के रंगों और उत्सव की भावना को ध्यान में रखते हुए प्रतियोगिता का विषय होली रखा गया। प्रतियोगिता में कुल 6 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन करते हुए आकर्षक और रंग-बिरंगी रंगोलियाँ तैयार कीं। इस प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में असिस्टेंट प्रोफेसर अमनदीप कौर, असिस्टेंट प्रोफेसर शाइना तथा डॉ मीनाक्षी गुप्ता उपस्थित रहीं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए रचनात्मकता, प्रस्तुति और विषय की उपयुक्तता के आधार पर परिणाम घोषित किए। प्रतियोगिता में बी.सी.ए. प्रथम वर्ष की छात्राएँ शगुन, अंकिता एवं निभाना (टीम 6) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान बी.एससी. कंप्यूटर साइंस द्वितीय वर्ष की सिमरन एवं कशिश (टीम 2) ने हासिल किया। तृतीय स्थान बी.वोक प्रथम वर्ष के प्रिया एवं प्रियंशु (टीम 3) ने प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त बी.एससी. आईटी प्रथम वर्ष की अंशिका एवं खुशी (टीम 1) को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत उत्साहपूर्ण और आनंदमय रहा। सभी प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया और होली के इस रंगीन उत्सव का भरपूर आनंद उठाया। यह आयोजन विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ टीम भावना को भी सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ। कार्यक्रम सफलतापूर्वक एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।कालेज प्रवक्ता डॉ लीना गोयल ने भी सभी को होली की बधाई दी