अंबाला। पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल, अंबाला शहर में नर्सरी विंग के बच्चों के द्वारा ग्रैंडपेरेंट्स डे के कार्यक्रम का रंगारंग आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम में बच्चों के दादा-दादी ,नाना-नानी को आमंत्रित किया गया। बच्चों ने सभी ग्रैंडपेरेंट्स का स्वागत तिलक लगाकर और रक्षासूत्र बांधकर किया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीएवी गान से किया गया। स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. विकास कोहली ने बताया कि स्वामी दयानंद सरस्वती जी के मूल्यों को आधार बना कर डीएवी की नींव रखी गई । उन्ही की सकारात्मक सोच के साथ डीएवी को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रैंडपेरेंट्स की परिवार में खास जगह होती है। दादा-दादी हर परिवार के आधार स्तंभ होते हैं। वे सबका सहारा बनते हैं, और हमें हमारी परंपराएँ सिखाते हैं। परिवार के संस्कार हमें हमारे दादा-दादी व नाना-नानी से मिलते हैं। बच्चे अपने ग्रैंडपेरेंट्स के बहुत लाडले होते हैं। उनके साथ बहुत सुरक्षित महसूस करते हैं। बड़े बुजुर्ग परिवारों को एक सूत्र में बांध कर रखते हैं और उनके बताए गए मार्ग पर चलकर बच्चे सही राह और तरक्की पाते हैं। हमें सदा उनका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम की सराहना की। बच्चों ने अपने प्यारे-प्यारे दादा और दादी का कार्यक्रम में स्वागत ईश्वर वंदना के साथ किया । कार्यक्रम में नर्सरी के बच्चों ने फैमिली सॉन्ग के माध्यम से अपने परिवार में दादा-दादी और नाना नानी की अहमियत को दिखाया, कि किस तरीके से छोटे-छोटे बच्चे अपने दादा-दादी और नाना-नानी से प्रेम करते हैं और उनके नक्शे कदम पर चलकर अपने घर का व परिवार का नाम रोशन करते हैं। बच्चों ने गुजराती डांस के माध्यम से माहौल को और अधिक उत्साहवर्धक और मनोरंजक बनाया। नन्हे नन्हे बच्चों ने पंजाबी सॉन्ग पर गिद्दा और अपने मां-बाप की अहमियत को दिखाया। योगा के माध्यम से कैसे हम अपने शरीर को स्वस्थ और चुस्त रख सकते हैं यह छोटे-छोटे बच्चों ने योगा के अलग-अलग स्टैप्स करके सबको बताया और बच्चों के इस तरह के अलग-अलग योगासन को देखकर सभी अचंभित हुए और सबको अगला योगा क्या होगा, इसकी उत्सुकता देखते ही बनती थी । बच्चों ने इंग्लिश सोंग्स पर बहुत सुंदर प्रस्तुति दी ,जिसे देखकर सभी प्रफुल्लित हुए । बच्चों ने रेट्रो सोंग्स ( पुराने सोंग्स ) पर बहुत सुंदर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में बच्चों ने रंगीले पंजाब की कुछ झलकियां दिखाते हुए माहौल को बहुत मनोरंजक और उत्साहवर्धक बना दिया,जिसे सभी ने इंजॉय किया। कार्यक्रम में स्वामी दयानंद सरस्वती के जीवन परिचय को सुंदर तरीके से दिखाया। बच्चों ने भारतीय संस्कृति को दिखाते हुए बहुत सुंदर प्रस्तुति दी। वर्ष भर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, इन प्रतियोगिताओं में विजेता रहे बच्चों को प्रधानाचार्य द्वारा बधाई दी गई तथा पुरस्कार के रूप में ट्रॉफी दी गई। जिसे देखकर बच्चों का जोश व उत्साह देखते ही बनता था और ग्रैंडपेरेंट्स अपने नन्हे-नन्हे पोता-पोती को पुरस्कार पाते हुए देखकर बहुत ही प्रसन्नचित हुए। इस कार्यक्रम में 400 से ज्यादा बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम मे भाग लिया।