अंबाला। सनातन धर्म कॉलेज, अंबाला छावनी के हिंदी विभाग एवं साहित्यिक क्लब के संयुक्त तत्वावधान में 23फरवरी 2026 को काव्य पाठ प्रतियोगिता का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर साहित्यिक उमंग और रचनात्मक ऊर्जा से सराबोर रहा। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में साहित्यिक अभिरुचि का संवर्धन, भाषिक दक्षता का विकास तथा मंचीय आत्मविश्वास को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम का संयोजन साहित्यिक क्लब की संयोजिका डॉ. लीना एवं हिंदी एसोसिएशन की संयोजिका डॉ. सरयू के मार्गदर्शन में सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। हिंदी विभाग की अध्यक्षा डॉ. विजय शर्मा ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि काव्य पाठ विद्यार्थियों की संवेदनशीलता, कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति-कौशल को निखारने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर साहित्य-साधना के लिए प्रेरित किया। कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. अलका शर्मा ने अपने संबोधन में कहा, ह्लकविता मनुष्य के अंतर्मन की सबसे कोमल और सशक्त अभिव्यक्ति है। ऐसे साहित्यिक आयोजन विद्यार्थियों में सृजनात्मक सोच, सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान को प्रोत्साहित करते हैं। महाविद्यालय सदैव विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा के सर्वांगीण विकास हेतु सार्थक मंच उपलब्ध कराता रहेगा।ह्व उन्होंने आयोजन की सफलता पर आयोजक मंडल को बधाई दी। प्रतियोगिता का मूल्यांकन निर्णायक मंडल डॉ. सरयू, डॉ. सोनिका सेठी एवं डॉ. अंजू शर्मा द्वारा किया गया। निर्णायकों ने उच्चारण, भावाभिव्यक्ति, प्रस्तुति-कौशल एवं विषय-वस्तु की प्रभावशीलता जैसे मानकों के आधार पर प्रतिभागियों का निष्पक्ष आकलन किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति, प्रकृति, मानवीय संवेदनाएँ, नारी-शक्ति तथा समकालीन सामाजिक विषयों पर ओजपूर्ण एवं हृदयस्पर्शी काव्य पाठ प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता में गुरप्रीत (एम.ए. हिंदी) ने प्रथम स्थान, प्रद्युमन (बी.एससी. कंप्यूटर साइंस) ने द्वितीय स्थान तथा सृष्टि राणा (बी.एससी. पॉलिटिकल साइंस) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तनुश्री (एम.ए. इंग्लिश) को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम में बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा प्रगति को साहित्यिक क्लब में उनकी उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता और सक्रिय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।यह आयोजन हिंदी विभाग के डॉ अंजू, डॉ. मनोज के विशेष सहयोग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर डॉ. राजेश, डॉ. हिना, डॉ. छवि, प्रोफेसर गरिमा तथा प्रोफेसर ललित भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों एवं सहयोगी संकाय सदस्यों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे साहित्यिक कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
विश्व मातृभाषा दिवस पर सनातन धर्म कॉलेज में काव्य पाठ प्रतियोगिता



