अंबाला। अंबाला कैंट स्थित एस. डी. गर्ल्स हाई स्कूल, तोपखाना बाजार में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती ज्योति नरूला बहल के मार्गदर्शन में दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य फेयरवेल पार्टी का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया। यह कार्यक्रम नवमी कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा अपने सीनियर साथियों के लिए प्रेम, सम्मान और शुभकामनाओं के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुभ शुरूआत माँ सरस्वती की वंदना से की गई। सरस्वती वंदना के मधुर स्वर और भावपूर्ण प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और प्रेरणादायक बना दिया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया गया। फेयरवेल कार्यक्रम में नवमी कक्षा के विद्यार्थियों ने विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया। बच्चों के लिए मजेदार गेम्स रखी गईं, जिनमें दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन खेलों ने सभी के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी और कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। कार्यक्रम के दौरान नवमी कक्षा के विद्यार्थियों ने दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए सुंदर गीतों और शायरी के माध्यम से अपने भाव व्यक्त किए। इन प्रस्तुतियों में सीनियर विद्यार्थियों के साथ बिताए गए पलों, यादों और अनुभवों की झलक साफ दिखाई दी। विशेष आकर्षण के रूप में दसवीं कक्षा के छात्र रोहित द्वारा प्रस्तुत विदाई कविता ने सभी को भावुक कर दिया। रोहित ने अत्यंत मधुर स्वर और भावनाओं से भरे शब्दों के साथ कविता प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर कई विद्यार्थियों और शिक्षकों की आँखें नम हो गईं। यह प्रस्तुति कार्यक्रम की यादगार झलक बन गई। इसके अतिरिक्त दसवीं एवं नवमी कक्षा की छात्राओं द्वारा संयुक्त रूप से आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियाँ दी गईं। रंग-बिरंगे परिधानों, तालबद्ध संगीत और सुंदर भाव-भंगिमाओं के साथ प्रस्तुत इन नृत्यों ने दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं। बच्चों की मेहनत और टीमवर्क साफ झलक रहा था। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या श्रीमती ज्योति नरूला बहल ने दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह विदाई नहीं, बल्कि उनके जीवन के एक नए और महत्वपूर्ण अध्याय की शुरूआत है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने नवमी कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा किए गए सफल आयोजन की भी सराहना की। अंत में सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। यह फेयरवेल पार्टी सभी के लिए स्मृतियों से भरा, भावनात्मक और अविस्मरणीय अनुभव बन गई, जिसे छात्र लंबे समय तक याद रखेंगे।
एसडी गर्ल्स हाई स्कूल तोपखाना बाजार में दसवीं कक्षा की भव्य फेयरवेल पार्टी



