फतेहाबाद। जिला उपायुक्त के दिशा-निर्देशों एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव के मार्गदर्शन में आज स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। यह टी.बी. एवं स्वास्थ्य जांच शिविर जाखल की बाजीगर बस्ती स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुभवी अधिकारियों और स्टाफ ने शिविर में आए लोगों के स्वास्थ्य की गहन जांच की। जांच के उपरांत जरूरतमंद मरीजों को मौके पर ही आवश्यक दवाइयां नि:शुल्क उपलब्ध करवाई गई। रेडक्रास सोसायटी से सुनील भाटिया ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 98 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की गई और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। जिला रेडक्रॉस सोसायटी, फतेहाबाद द्वारा शिविर में पहुंचे मरीजों और मेडिकल टीम के लिए जलपान की उचित व्यवस्था की गई। उन्होंने बताया कि टी.बी. अब एक लाइलाज बीमारी नहीं है। सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘डॉट्स’ कार्यक्रम के तहत इसका पूरा इलाज नि:शुल्क उपलब्ध है। मरीज को बिना किसी बाधा के दवा का पूरा कोर्स करना अनिवार्य है। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारी, पैरामेडिकल स्टाफ और जिला रेडक्रॉस सोसायटी की टीम विशेष रूप से मौजूद रही। रेडक्रॉस सोसायटी के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस तरह के शिविरों का मुख्य उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करना है।
जाखल की बाजीगर बस्ती में टीबी एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित



