अंबाला। सोहन लाल डी.ए.वी. शिक्षा महाविद्यालय, अंबाला शहर में रैड रिबन क्लब एवं यूथ रेड क्रॉस क्लब द्वारा हरियाणा स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटीपंचकुला के आईईसी डिवीजन द्वारा जारी दिशा-निदेर्शों के अंतर्गत 1 दिसंबर 2025 से 12 दिसंबर 2025 तक विश्व एड्स दिवस जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। महाविद्यालय द्वारा यह जागरूकता अभियान 12 जनवरी 2026 तक जारी रहेगा तथा इस अवधि में दोनों क्लबों द्वारा जागरूकता से जुड़ी विविध गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। यह अभियान महाविद्यालय की प्राचार्या व यूथ रेड क्रॉस क्लब की काउंसलर डॉ. पूजा के मार्गदर्शन में तथा रैड रिबन क्लब की समन्वयक डॉ. निरूपा कोहली, सह-समन्वयक प्रो. नेहा की देखरेख में सफलतापूर्वक हो रहा है। इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में एच.आई.वी./एड्स के प्रति जागरूकता फैलाना, भ्रांतियों को दूर करना तथा स्वास्थ्य और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना है। अभियान की शुरूआत 1 दिसंबर 2025 को शपथ ग्रहण के साथ हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने एच.आई.वी./एड्स के प्रति जागरूक रहने, भेदभाव न करने तथा समाज में स्वास्थ्य-सुरक्षा का संदेश फैलाने की शपथ ली। इसके पश्चात महाविद्यालय में विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें डिक्लेमेशन, स्लोगन लेखन, कविता पाठ, पोस्टर निर्माण, डॉक्यूमेंट्री प्रस्तुति, पॉवरपॉइंट प्रेजेंटेशन तथा मानव श्रृंखला का निर्माण शामिल रहा। विद्यार्थियों ने इन सभी गतिविधियों के माध्यम से एच.आई.वी./एड्स से संबंधित भ्रांतियों, रोकथाम, वैज्ञानिक तथ्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों पर प्रेरक संदेश दिए। इसी क्रम में विद्यार्थियों ने एक प्रभावशाली नाटिका भी प्रस्तुत की, जिसमें एच.आई.वी./एड्स से जुड़े मिथकों, कलंक और जागरूकता के महत्व को सशक्त रूप से दशार्या गया। इसी दौरान परिसर में जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने संदेश पट्टिकाओं के साथ मार्च कर समाज को जागरूक और संवेदनशील रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के सफल संचालन में रैड रिबन क्लब, यूथ रेड क्रॉस क्लब, शिक्षकों, गैर-शिक्षकों तथा विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा। यह अभियान न केवल विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ा रहा है, बल्कि उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए भी प्रेरित कर रहा है।