अंबाला। भारत विकास परिषद महर्षि दयानंद शाखा, अंबाला की ओर से आज श्री गुरु तेग बहादुर जी महाराज के 350 साला बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में श्री राधे लाल विद्या मंदिर स्कूल में एक गहन, आध्यात्मिक और अत्यंत प्रेरणापूर्ण अभिभाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों ने जिस श्रद्धा, उत्साह और आत्मझ्रअनुभूति से श्री गुरु तेग बहादुर जी महाराज के तप, त्याग, दर्शन और शहादत को अपने शब्दों में पिरोया, उसने पूरे सभागार को भाव-विभोर कर दिया।
बीच-बीच में जो बोले सो निहाल सत श्री अकाल के जयकारों ने वातावरण को और अधिक ऊर्जामय बना दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के कार्यकारिणी पूर्व सदस्य ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी महाराज ने मानवता, धार्मिक स्वतंत्रता और निर्भय जीवन के जो आदर्श विश्व को दिए, वही हमारी सभ्यता की असली धरोहर हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि बच्चों को आरंभिक अवस्था से ही श्री गुरु तेग बहादुर जी महाराज के जीवन-चरित और गुरबाणी के नैतिक मूल्यों से अवगत कराना अत्यावश्यक है। मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी छात्रों को 200 रुपये प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की। परिषद के क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव दीपक आनंद राय ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी महाराज का बलिदान किसी एक युग का नहीं, बल्कि समूची मानवता के अधिकारों का प्रहरी है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में इसी प्रकार की प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं और केवल प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी ही आगामी प्रदेशझ्रस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। यह राज्यस्तरीय आयोजन 23 नवंबर को श्री राधे लाल विद्या मंदिर स्कूल, अंबाला शहर में संपन्न होगा। कार्यक्रम में संरक्षक प्रदीप गोयल, अध्यक्ष चमन अग्रवाल, सचिव अंकुर गोयल, कोषाध्यक्ष अमित चनाना, महिला प्रमुख मंजू अग्रवाल और प्रकल्प प्रमुख मनोज अग्रवाल सहित परिषद के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक डॉक्टर रतन सिंह ढिल्लों और डॉक्टर बलवान सिंह ने बच्चों के अभिभाषण सुने और संतुलित मूल्यांकन प्रस्तुत किया। डॉक्टर रतन सिंह ढिल्लों ने अपने संबोधन में श्री गुरु तेग बहादुर जी महाराज के जीवन-दर्शन और शहादत के सार को अत्यंत मार्मिक शब्दों में व्यक्त किया, जिसे सुनकर पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।
दोनों निर्णायकों को स्मृतिझ्रचिह्न और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में तनुज (सोहन लाल सीनियर सेकेंडरी स्कूल) प्रथम, ईशविंदर कौर द्वितीय और गुरकीरत सिंह (जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल) तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजेताओं व प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और 500-500 रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। बच्चों के चेहरों पर चमक और उत्साह साफ झलक रहा था।
गुरु तेग बहादुर महाराज के 350वें शहीदी दिवस पर अभिभाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी: टीपी सिंह



