*– आरोपी साहिल खुराना उर्फ सन्नी, निवासी भुना, पुलिस गिरफ्त में*

पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में थाना भुना पुलिस ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के एक मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान साहिल खुराना उर्फ सन्नी पुत्र वेद प्रकाश निवासी वार्ड नंबर 10, भुना के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के पश्चात आरोपी को नियमानुसार जमानत पर रिहा कर दिया गया।

              थाना प्रभारी उपनिरीक्षक ओमप्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 16 सितंबर को पीड़ित तनुज खुराना निवासी भुना द्वारा शिकायत दी गई थी कि आरोपी ने रास्ता रोककर उस पर अचानक हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार, साहिल ने गड़ांसी जैसे हथियार से तनुज के सिर, हाथ और पैरों पर वार किए और मौके से भागते समय जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर थाना भुना में एफआईआर संख्या 290, दिनांक 18.09.2025, धाराएं 115(2), 126(2), 351(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

              पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के पश्चात माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर जमानत पर रिहा कर दिया गया। मामले की जांच नियमानुसार जारी है।