भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने मंगलवार को रोहतक स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए मोदी सरकार द्वारा हाल ही में किए गए जीएसटी सुधारों को आम जनता, व्यापारियों और उद्योगपतियों के लिए बड़ा तोहफा बताया। उन्होंने कहा कि ये सुधार आर्थिक रूप से लोगों को सशक्त करेंगे और रोजमर्रा की जरूरतों पर टैक्स कम कर उन्हें राहत देंगे।
शुक्ला ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि पहले टैक्स व्यवस्था शोषणकारी थी। टूथपेस्ट, टॉफी, साइकिल, सिलाई मशीन, होटल कमरा और दवाइयों पर भारी कर लगाए जाते थे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने इन पर टैक्स घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया है और कई आवश्यक वस्तुओं जैसे आटा, चाय, दूध, दही पर शून्य प्रतिशत कर लागू कर दिया है। कांग्रेस के समय में पानी पर भी 27 प्रतिशत कर लगाया जाता था, जबकि अब आम नागरिक आसानी से पानी का उपयोग कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यह सुधार केवल कर दरों में कटौती नहीं, बल्कि आर्थिक विकास का बड़ा कदम है। इससे मांग और निवेश दोनों बढ़ेंगे, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पिछली सरकारों में महंगाई दर 10 प्रतिशत तक रहती थी, जबकि अब यह काफी कम है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए श्री शुक्ला ने कहा कि विपक्ष दोहरा रवैया अपनाता है। काउंसिल में समर्थन करते हैं, लेकिन बाहर जाकर विरोध करते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जीएसटी में हर निर्णय आम सहमति से लिया जाता है और इसका लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है।
शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य सिर्फ राजस्व संग्रह नहीं है, बल्कि देश के हर नागरिक की जीवन गुणवत्ता सुधारना है। उन्होंने बताया कि यह सुधार राम राज्य की आदर्श शासन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने महात्मा गांधी और गोस्वामी तुलसीदास का उदाहरण देते हुए कहा कि कर प्रणाली प्रजा की आर्थिक स्थिति के अनुसार होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि ऑटोमोबाइल, नवीकरणीय ऊर्जा और निर्माण क्षेत्रों को कर छूट देकर सरकार रोजगार और औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित कर रही है। बीमा क्षेत्र से कर हटाकर आम लोगों को राहत दी गई है।
प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी शमशेर सिंह खरक, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने मोदी सरकार के निर्णयों का स्वागत करते हुए कहा कि ये सुधार भारत को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं।