भाजपा ओबीसी मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को सोनीपत में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मदन चौहान की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सेवा पखवाड़ा, संगठन विस्तार, आत्मनिर्भर भारत तथा केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली, मंत्री रणबीर गंगवा, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, और प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को सेवा पखवाड़ा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा सरकार ओबीसी समाज की हितैषी सरकार है और मोदी व नायब सरकार में ओबीसी वर्ग का समग्र विकास हो रहा है। उन्होंने सेवा पखवाड़ा के दौरान रक्तदान, पौधारोपण और सफाई अभियान चलाने की अपील की।
डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत को वैश्विक पहचान मिली है और हरियाणा में भाजपा की लगातार जीत में ओबीसी समाज की बड़ी भूमिका है। मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची के नौकरियां मिल रही हैं, महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है और किसानों को फसलों की खरीद में लाभ मिल रहा है। फणीन्द्रनाथ शर्मा ने संगठन विस्तार पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को भाजपा से जोड़ने का आग्रह किया।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने अंत्योदय के सिद्धांत पर काम करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान की आवश्यकता पर बल दिया। मदन चौहान ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के दौरान जनसेवा कर जनता का विश्वास जीतना है और भाजपा की योजनाओं को हर घर तक पहुंचाना है। बैठक में प्रदेश प्रभारी डॉ. पवन सैनी, अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।