58वीं हरियाणा राज्य स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को सेक्टर-16 स्थित सेंट सोल्जर्स स्कूल में हुआ। तीन दिवसीय यह आयोजन 12 से 14 सितंबर तक चलेगा। प्रतियोगिता की शुरुआत अंडर-14 गर्ल्स बेसबॉल मुकाबलों से हुई।
इस टूर्नामेंट में पूरे हरियाणा से लगभग 500 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। करीब 15 टीमें अंडर-14 कैटेगरी में प्रतिभा दिखा रही हैं। खिलाड़ियों और टीमों के ठहरने व खानपान की बेहतर व्यवस्था की गई है। मुख्य मुकाबले सेंट सोल्जर्स स्कूल में आयोजित होंगे, जबकि फुटबॉल व क्रिकेट के मैच हंसराज स्कूल, सतलुज स्कूल, मोहित एकेडमी और चैंप्स एकेडमी के मैदानों में होंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी संध्या ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से विद्यार्थियों को खेलों में भाग लेने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहने और खेलों के माध्यम से अनुशासित जीवन अपनाने का संदेश भी दिया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर विभिन्न स्कूलों से आए खिलाड़ियों व शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर सेंट सोल्जर्स स्कूल के प्रिंसिपल राजन, स्टाफ व अन्य अतिथि मौजूद रहे।