भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने रोहतक में सेवा पखवाड़ा कार्यशाला के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए कांग्रेस को घेरा। उन्होंने एक सवाल के जवाब में सीधे कहा कि राहुल गांधी अपने ही बयानों से मजाक के पात्र बने रहते हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर की तरफ बढ़ रहा है। भाजपा के कार्यकर्ता सेवा पखवाड़ा के दौरान लगभग दर्जनभर सेवा कार्यों में जुटेंगे। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा के दौरान हर विधानसभा में मोदी मैराथन होगी और हर घर तक योजनाओं का प्रसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा मनाए जाने के बाद भी अनेक प्रकार के सेवा कार्य लगातार भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा चलाए जाएंगे। प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी शमशेर खरक और जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने जीएसटी पर राहुल गांधी द्वारा उठाए गए एक सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि राहुल गांधी की विश्वसनीयता अब जनता में कभी नहीं रही। कांग्रेस सदा परिवार की पार्टी बनकर रही है, जबकि भाजपा सेवा के माध्यम से पूरे देश के जन-जन की पार्टी बनी हुई है।  प्रेसवार्ता से पहले मंगल कमल में आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यशाला में बड़ौली ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पखवाड़े के दौरान चलने वाले कार्यक्रमों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें और हर व्यक्ति से जुड़ने का संकल्प लें।