उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने जिले में लगातार हो रही बारिश व आगामी भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए आम जनता के लिए एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने कहा कि मोरनी क्षेत्र की सभी 14 भोज भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील हैं, इसलिए नागरिक व आगंतुक अनावश्यक यात्रा से बचें। नदियों—विशेषकर टांगड़ी, घग्गर, कौशल्या—के अलावा नालों व जल स्रोतों से दूर रहने की हिदायत दी गई है, क्योंकि जल स्तर में अचानक वृद्धि और फ्लैश फ्लड की आशंका बनी हुई है।
बरवाला औद्योगिक क्षेत्र को खटौली से जोड़ने वाला पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने का आग्रह किया गया है। गौशाला समितियों को चारा और दवाइयों का भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की संभावना के चलते नागरिकों को सावधानी बरतने को कहा गया है।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन हालात पर लगातार नजर रखे हुए है और सड़क संपर्क बहाली का कार्य प्रगति पर है। आपात स्थिति में नागरिक जिला बाढ़ नियंत्रण हेल्पलाइन 0172-2562135 पर संपर्क कर सकते हैं।