-वीनस दो साल में पहला ग्रैंड स्लैम मैच हारीं
दुनिया के दूसरे नंबर के पुरुष टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज ने अपने दूसरे यूएस ओपन खिताब की तलाश में पहला कदम बढ़ा दिया है। उनके अलावा ज्यादातर वरीय खिलाड़ियों ने पहली बाधा पार कर ली।
पहले दौर में लगातार अजेय : अल्काराज ने सोमवार रात आर्थर ऐश स्टेडियम में अमेरिकी खिलाड़ी रीली ओपेल्का को आसानी से 6-4, 7-5, 6-4 से हराकर दूसरे दौर में जगह बना ली। 22 वर्षीय स्पेनिश स्टार ने अपनी पकड़ मजबूत करते हुए अपनी एकाग्रता और सटीकता का परिचय दिया। लगातार सेट में मिली जीत का मतलब था कि अल्काराज ने ग्रैंड स्लैम के पहले दौर में अपना बेदाग रिकॉर्ड 19-0 तक पहुंचा दिया। पिछले साल के यूएस ओपन में डचमैन बोटिक वैन डे ज़ैंडशुल्प से दूसरे दौर में मिली चौंकाने वाली हार को छोड़कर, अल्काराज 2022 में न्यूयॉर्क में ट्रॉफी जीतने के बाद से लगातार हर बड़े टूर्नामेंट के कम से कम क्वार्टर फाइनल में पहुंचे हैं।
सत्र में छाए : इस खिलाड़ी ने इस सीजन में टूर पर सबसे ज्यादा जीत हासिल करने वाले खिलाड़ी के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत किया है। अब उनके नाम टूर में सबसे ज्यादा 55 जीत और 2025 में छह खिताब हैं, जिनमें रोटर्डम और सिनसिनाटी में हार्ड-कोर्ट खिताब भी शामिल हैं। इस महीने सिनसिनाटी में जीत के बाद लगातार सात मैचों की जीत की लय में अल्काराज का अगला मुकाबला अब इटली के मटिया बेलुची से होगा।
अन्य मुकाबलों में ब्राजील के 19 वर्ष के जोओ फोंसेका ने पदार्पण पर मियोमीर केसमानोविच को 7-6, 7-6, 6-3 से हराया। हांगकांग के वोंग के नाम उपलब्धि 21 वर्ष के कोलमैन वोंग 1968 के बाद से ओपन युग में किसी ग्रैंड स्लैम में एकल मैच जीतने वाले हांगकांग के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने अमेरिका के अलेक्जेंडर कोवासेविच को लगातार सेटों में 6-4, 7-5, 7-6 से हराया। जीत के बाद उन्होंने कहा, मेरे लिये यह बड़ा पल है, मेरे परिवार और हांगकांग के लोगों के लिए भी। वोंग के आदर्श राफेल नडाल हैं और उनका परिवार स्पेन जा बसा था ताकि वह राफा नडाल अकादमी में प्रशिक्षण ले सकें। वोंग ने कहा, यह टूर्नामेंट हर खिलाड़ी का सपना है। हर खिलाड़ी यहां अच्छा प्रदर्शन करना चाहता है।
ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन कीस पहले दौर में बाहर ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन मेडिसन कीस को पहले दौर में 82वीं रैंकिंग वाली मैक्सिको की रेनेटा जाराजुआ ने हराकर उलटफेर कर दिया। छठी वरीय कीस ने 89 सहज गलतियां और 14 डबल फाल्ट किए जिससे वह 7-6, 6-7, 5-6 से हार गईं। हार के बाद उन्होंने कहा, पहली बार मैं काफी नर्वस महसूस कर रही थी। मैंने कई गलतियां कीं, खराब फैसले लिए और फुटवर्क भी अच्छा नहीं था।
वीनस भी हारीं : अमेरिकी धुरंधर वीनस विलियम्स दो साल में पहला ग्रैंड स्लैम मैच हार गईं। उन्हें 11वीं वरीय कैरोलिन मुचोवा ने 6-3, 2-6, 6-1 से मात दी। 45 वर्ष की वीनस 1981 के बाद फ्लशिंग मीडोज पर खेलने वाली सबसे उम्रदराज एकल खिलाड़ी हैं। वहीं 2022 में सेमीफाइनल तक पहुंचीं कैरोलिन गार्सिया अपने करियर के आखिरी टूर्नामेंट में कामिला रखिमोवा से 6-4, 4-6, 6-3 से हारकर बाहर हो गई।



