रोहतक स्थित भाजपा कार्यालय मंगल कमल में शनिवार को किसान मोर्चा की प्रदेश स्तरीय कार्य समिति की बैठक हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मोदी और नायब सरकार दिन-रात किसान हित में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने में किसान की अहम भूमिका है और हरियाणा की नायब सरकार किसानों की सही मायन में हितैषी सरकार है।
बैठक में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, राष्ट्रीय किसान मोर्चा महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद अनिल बोंडे, किसान मोर्चा प्रदेश प्रभारी सैला राम सहारण सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। किसान मोर्चा की प्रदेश संयोजक राजबाला चहल ने बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा की तैयारियों पर चर्चा की गई। इसके तहत गाँव-गाँव में किसानों से संवाद, योजना और लाभ पहुँचाने के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें नमो युवा रन, पौधारोपण, किसान हितकारी योजनाओं की जानकारी और सहायता शामिल होगी।
बैठक के दौरान मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि नायब सरकार देश की पहली ऐसी सरकार है जो 24 फसलों को एमएसपी पर खरीद रही है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पिछली सरकारें केवल नारे लगाती थीं, जबकि मोदी और नायब सरकार काम करके दिखा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बाढ़ पीड़ितों के लिए मुआवजा सुनिश्चित किया है।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि भाजपा सरकार किसान हित में कल्याणकारी योजनाओं को लागू कर रही है और सेवा पखवाड़ा के दौरान कार्यकर्ताओं को इन योजनाओं को गाँव-गाँव तक पहुँचाने का काम करना है।
राष्ट्रीय किसान मोर्चा महामंत्री अनिल बोंडे ने सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि किसानों तक सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुँचाना उनका प्रमुख दायित्व है। संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने बूथों पर किसानों से संवाद करने और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
किसान मोर्चा की प्रदेश संयोजक राजबाला चहल ने भरोसा दिलाया कि किसान मोर्चा के प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी संकल्प के साथ पूरा करेगा और सरकार की योजनाओं को गाँव-गाँव तक पहुँचाएगा।
बैठक में किसान मोर्चा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।